गोली चलाने के आरोपी बदमाश की बढ़ी मुश्किलें,पुलिस ने चस्पा किया इश्तेहार!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर हाई स्कूल मैदान में गत तीन अप्रैल की रात हुई फायरिंग मामले में अभियुक्त रणधीर सिंह की मुश्किलें बढ़ गयी है। बेनीपट्टी के अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के कोर्ट से आदेश मिलने के बाद रविवार को बेनीपट्टी थाना पुलिस शाहपुर के रणधीर सिंह के घर पहुँच कर गाजे बाजे और ढोल नगाड़ों के साथ इश्तेहार चिपकाया है। इससे पहले माइकिंग कर अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने उसे हाजिर होने को कहा। इस दौरान उपस्थित डीएसपी अमित कुमार ने रणधीर सिंह के परिजनो को अभियुक्त को हाजिर कराने को कहा, तय समय पर हाजिर नहीं होने पर कुर्की जब्ती की कार्रवाई की भी जानकारी दी। इस दौरान बेनीपट्टी थाना के अवर निरीक्षक संतोष कुमार पुलिस बल के साथ उपस्थित थे।

गौरतलब है कि गत तीन अप्रैल के रात में शाहपुर के हाईस्कूल मैदान में बैठकर मोबाइल पर आईपीएल का मैच देख रहे शाहपुर के ही आदित्य कुमार गोलीबारी में गंभीर रुप से जख्मी हुए थे। पुलिस को दिए गए फर्दबयान में जख्मी आदित्य सिंह ने फायरिंग का आरोप शाहपुर के रणधीर सिंह पर लगाया था। जिसको लेकर बेनीपट्टी थाना में एफआईआर दर्ज है। एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही रणधीर सिंह लगातार फरार चल रहा है। लिहाजा, अब इश्तेहार की कार्रवाई शुरू हुई है।

Join us on: