रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त कार्यस्थल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय स्थानीय समिति की बैठक शुक्रवार को वन स्टॉप सेंटर, मधुबनी कार्यालय में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता समिति की अध्यक्षा डॉ० कुमारी ज्योति द्वारा की गई। बैठक के दौरान जिला स्तर पर प्राप्त विभिन्न पोस शिकायतों की क्रमवार समीक्षा की गई तथा उनके त्वरित, निष्पक्ष एवं संवेदनशील निष्पादन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। समिति द्वारा यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पादन निर्धारित समयसीमा एवं अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय एवं आवश्यक सहयोग प्राप्त हो सके।
बैठक में यह भी चर्चा की गई कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, निजी प्रतिष्ठानों, गैर-सरकारी संगठनों एवं अन्य कार्यस्थलों में पोस अधिनियम के तहत आंतरिक शिकायत समिति का गठन अनिवार्य रूप से किया जाए । जिन संस्थानों में समिति का गठन नहीं हुआ है, वहाँ शीघ्र गठन सुनिश्चित कराने तथा गठित समितियों को सक्रिय एवं प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने पर विचार किया गया।
समिति के सदस्यों ने कार्यस्थलों पर लैंगिक समानता, महिला सम्मान एवं सुरक्षित वातावरण निर्माण हेतु नियमित जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण एवं ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया । बैठक में यह निर्णय लिया गया कि विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर पोस अधिनियम से संबंधित जानकारी को व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं एवं कर्मचारियों को उनके अधिकारों एवं शिकायत निवारण की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त हो सके।
जिला स्तरीय स्थानीय समिति के सदस्यों द्वारा यह भी कहा गया कि महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, भेदभाव अथवा अनुचित व्यवहार के मामलों में प्रशासन गंभीर एवं संवेदनशील है तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वन स्टॉप सेंटर एवं जिला स्तरीय स्थानीय समिति द्वारा पीड़ित महिलाओं को आवश्यक परामर्श, कानूनी सहायता एवं अन्य सहयोग उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।बैठक में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी,आई०सी०डी०एस०, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, बेनीपट्टी, जिला मिशन समन्वयक, अंजनी कुमार झा, लैंगिक विशेषज्ञ, शिव राम मेहरा, केंद्र प्रशासक, सुषमा कुमारी, वीणा चौधरी,निर्मला देवी, रेणु कुमारी मिश्रा, सहित समिति के अन्य सदस्य एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।



