रिपोर्ट – बिकास कुमार!
सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिटानाबाद चौक बाजार इलाके में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सप्ताह से लापता 12वीं के छात्र का शव घर से करीब एक किलोमीटर दूर मिर्ज़ा टोल स्थित तालाब से बरामद किया गया। मृतक की पहचान दक्षिणी वार्ड संख्या-9 निवासी विनय चौधरी के 20 वर्षीय पुत्र रविशंकर कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों ने युवक की साजिश के तहत हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार रविशंकर कुमार घर का सबसे बड़ा बेटा था और उसने हाल ही में इंटर की परीक्षा दी थी। बताया गया कि वह 29 तारीख की रात करीब 10 बजे घर से टहलने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर उसका कोई पता नहीं चल पाया।
गुरुवार को स्थानीय लोगों ने मिर्ज़ा टोल के समीप स्थित तालाब में एक शव को उपलाते देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में परिजनों ने शव की पहचान रविशंकर कुमार के रूप में की। जवान बेटे का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। मौके पर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, इंस्पेक्टर सुजाउद्दीन, बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जय शंकर कुमार, बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू, अमित कुमार और ज्योति कुमारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया है। एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
वाईट-मुकेश ठाकुर .अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरी बख्तियारपुर
वाईट-परिजन .




