बेगूसराय- डीएम एसपी ने की सिविल डिफेंस ब्लैकआउट एवं मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर बैठक!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

आज दिनांक 06.05.2026 को जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में सिविल डिफेंस ब्लैकआउट एवं मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि मई माह के मध्य, लगभग 15 मई के आसपास जिले में ब्लैकआउट एवं मॉक ड्रिल का आयोजन प्रस्तावित है। इस क्रम में मॉक ड्रिल से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान मेडिकल टीम की तत्परता, मॉक ड्रिल के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन, जन-जागरूकता अभियान के संचालन, सिविल डिफेंस एवं NCC टीम की सक्रिय भागीदारी तथा चिन्हित स्थलों पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मॉक ड्रिल के दौरान जिला आपदा प्रबंधन द्वारा संचालित कंट्रोल रूम का नंबर ही आधिकारिक नियंत्रण कक्ष के रूप में उपयोग किया जाएगा, ताकि आपात स्थिति में समन्वय और सूचना आदान-प्रदान प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।

इस बैठक में पुलिस अधीक्षक बेगूसराय श्री मनीष, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सहित IOCL, NTPC एवं अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल का आयोजन पूर्व में भी किया जा चुका है। इसका मुख्य उद्देश्य आपदा या आपातकालीन परिस्थितियों में आम नागरिकों को अपनी एवं आसपास के लोगों की सुरक्षा के प्रति जागरूक, सतर्क एवं सक्षम बनाना है।

Join us on: