रिपोर्ट – अमित कुमार!
बिहार में राजस्व न्यायालयों की सुनवाई अब ऑनलाइन होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल सुनवाई व्यवस्था का लोकार्पण किया। राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली RCMS के तहत शुरू हुई इस व्यवस्था से आम लोग अब घर बैठे डिजिटल माध्यम से अपने मामलों की सुनवाई में शामिल हो सकेंगे।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में पत्रकार वार्ता के दौरान विभाग के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि नई व्यवस्था से लोगों को राजस्व मामलों की सुनवाई के लिए बार-बार न्यायालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी। खासकर गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
मंत्री ने बताया कि राजस्व मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी और न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ भी कम होगा। इस व्यवस्था के तहत पक्षकार ऑनलाइन साक्ष्य और जरूरी दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे। मामलों की स्थिति भी ऑनलाइन देख सकेंगे। सुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन उपलब्ध रहेगी, जिससे न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी।
सुनवाई की तारीख और समय की जानकारी एसएमएस, कॉल सेंटर और अन्य वैकल्पिक माध्यमों से भी दी जाएगी। नई व्यवस्था से राजस्व न्यायालयों में पारदर्शिता और गति दोनों बढ़ने की उम्मीद है।
बाइट – दिलीप कुमार जायसवाल, मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग



