:- रवि शंकर अमित!
बेगूसराय जिले में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति की स्थिति को लेकर तेल विपणन कंपनियों (OMC) के प्रदर्शन की दैनिक समीक्षा की गई। दिनांक 08 अप्रैल 2026 की प्रातःकालीन रिपोर्ट के अनुसार जिले में एलपीजी वितरण व्यवस्था सामान्य एवं संतोषजनक पाई गई है।
जिले में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के 40, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के 15 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के 12 सहित कुल 67 एलपीजी वितरक द्वारा दिनांक 07 अप्रैल 2026 को कुल 12,153 गैस बुकिंग दर्ज की गई, जिसके विरुद्ध 11,210 एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति उपभोक्ताओं को की गई। औसत रूप से प्रतिदिन 4,512 बुकिंग तथा 4,683 सिलेंडरों की डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है।
लंबित बुकिंग (बैकलॉग) का औसत 4.8 दिन है, जिसे शीघ्र कम करने के लिए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में मंझौल अनुमंडल भ्रमण के दौरान जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री द्वारा चेरियाबरियारपुर प्रखंड अंतर्गत स्थित मां दुर्गा गैस एजेंसी (HP) के गोदाम के समीप अचानक भीड़ देखे जाने पर वाहन रोककर स्थिति की जानकारी ली गई।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने मौके पर उपस्थित लोगों से बातचीत कर भीड़ का कारण जाना। बताया गया कि आज ही दिन लोगो द्वारा ऑनलाइन गैस बुकिंग की गई एवं बुकिंग करने के उपरांत स्वयं गोदाम पर सिलेंडर लेने पहुंच गए थे।
जिला पदाधिकारी ने उपस्थित उपभोक्ताओं को स्पष्ट रूप से अवगत कराया कि गैस बुकिंग के उपरांत उपभोक्ताओं के मोबाइल पर ओटीपी प्राप्त होने के बाद गैस सिलेंडर की डिलीवरी सीधे उनके घर पर की जाएगी। इसके लिए गोदाम पर अनावश्यक रूप से भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे व्यवस्था का पालन करें तथा गैस एजेंसी के समुचित वितरण प्रणाली में सहयोग करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर और सुव्यवस्थित तरीके से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित एजेंसी को भी निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनावश्यक भीड़ या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए।
उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा 24×7 नियंत्रण कक्ष संचालित किया जा रहा है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06243-450626 तथा 9279808780 पर लोगो द्वारा की जा रही शिकायतों का निष्पादन किया जा रहा है।



