गंगा-सोन के बढ़ते जलस्तर को लेकर डीएम ने की समीक्षा, प्रभावित क्षेत्र वासियों को सुरक्षित जगह जाने के निर्देश!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय!

24×7 अलर्ट रहने और जरूरत पड़ने पर संवेदनशील आबादी के सुरक्षित निष्क्रमण के निर्देश।

आरा। गंगा एवं सोन नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला पदाधिकारी भोजपुर मनेश कुमार मीणा ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों के साथ जिले की स्थिति एवं प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर जलस्तर एवं स्थानीय परिस्थितियों पर नजर रखने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित आबादी का सुरक्षित निष्क्रमण तत्काल सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान वृद्ध, गर्भवती महिलाओं एवं अन्य संवेदनशील लोगों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। निष्क्रमित आबादी के लिए आवश्यकता के अनुसार कम्युनिटी किचन, पॉलिथीन शीट, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल एवं पशु चिकित्सा कैंप सक्रिय रखने तथा पशुओं के लिए पर्याप्त चारा एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आवागमन बाधित होने वाले क्षेत्रों में नाव एवं मेडिकल बोट के माध्यम से आवश्यक स्वास्थ्य एवं अन्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने को भी कहा गया। डीएम ने सभी संबंधित विभागों एवं बचाव दलों को ग्राउंड लेवल पर सक्रिय रहने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी टीमें 24×7 अलर्ट मोड में रहें और निर्धारित SOP के अनुरूप किसी भी आपात स्थिति में बिना विलंब त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन द्वारा गंगा एवं सोन नदी के जलस्तर तथा संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखें।

Join us on:

और पढ़ें