जहानाबाद – पंकज कुमार!
जहानाबाद के
कड़ौना थाना क्षेत्र के कनौदी बाइपास स्थित एक निजी आवासीय विद्यालय में पांच वर्षीय छात्र की हत्या के मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस जांच में दुराचार की आशंका सामने आने के बाद स्कूल संचालक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़ित पिता के बयान पर दर्ज मामले में आरोप लगाया गया है कि बच्चे के साथ गलत कृत्य के बाद धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई। इस मामले में स्कूल संचालक सह प्रिंसिपल तरुण कुमार उर्फ गांधी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए एक शिक्षक और दो महिला कर्मियों को बंध-पत्र पर रिहा कर दिया गया, जबकि एक सुरक्षा गार्ड से अब भी पूछताछ जारी है।
पुलिस ने कड़ौना थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। थानाध्यक्ष को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर स्कूल और छात्रावास को सील करवा दिया है।
परिवार का आरोप, भाई के बयान से बढ़ा शक
प्राथमिकी के अनुसार, मृतक का बड़ा भाई भी उसी हॉस्टल में रह रहा था। उसने बताया कि घटना वाली रात संचालक छोटे बच्चे को अपने कमरे में ले गए थे। अगले दिन सुबह बच्चा गंभीर हालत में मिला। परिजनों ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान घटना को अंजाम दिया गया।
इलाज के दौरान हुई मौत, पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार
सोमवार सुबह घायल अवस्था में मिले बच्चे को पहले स्थानीय स्तर पर इलाज के लिए ले जाया गया, फिर बेहतर उपचार के लिए पटना भेजा गया, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। बाद में मेडिकल जांच के उपरांत शव परिजनों को सौंपा गया और अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जांच जारी, हर पहलू पर नजर
घटना के बाद पुलिस ने विद्यालय परिसर को सील कर दिया है और तकनीकी व वैज्ञानिक आधार पर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन छानबीन कर सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



