:- रवि शंकर अमित!
जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री के निर्देशानुसार जिले में कार्यरत विभिन्न तेल विपणन कंपनियों (OMCs) के प्रदर्शन तथा रसोई गैस की उपलब्धता की दैनिक समीक्षा की जा रही है। दिनांक 30.03.2026 तक प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जिले में रसोई गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है तथा उपभोक्ताओं की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
जिले में कुल 67 वितरकों के माध्यम से गैस वितरण का कार्य किया जा रहा है। वर्तमान रिपोर्ट के अनुसार कंपनियों के पास कुल 19,992 गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। वहीं बीते दिन कुल 7,400 सिलेंडरों की सफल डिलीवरी की गई। जिले में प्रतिदिन औसत 4,256 बुकिंग प्राप्त हो रही है, जबकि इसके मुकाबले औसतन 4,711 सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है, जो वितरण प्रणाली की सक्रियता को दर्शाता है।
कंपनीवार स्थिति के अनुसार IOCL जिले में सबसे बड़ी सेवा प्रदाता कंपनी है, जो 40 वितरकों के माध्यम से कुल 30,212 चालू बुकिंग का प्रबंधन कर रही है। इसके अतिरिक्त BPCL 15 वितरकों के माध्यम से 18,272 बुकिंग तथा HPCL 12 वितरकों के माध्यम से 10,081 बुकिंग का संचालन कर रही है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि बुकिंग के आधार पर उपभोक्ताओं को समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए तथा किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। वर्तमान में जिले का औसत बैकलॉग 4.7 दिन है, जिसे कम करने के लिए आपूर्ति श्रृंखला को और सुदृढ़ किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी द्वारा गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली की जांच हेतु अनुमंडल पदाधिकारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता की संयुक्त जांच टीम का गठन किया गया है। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, बेगूसराय एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता द्वारा नीलम गैस एजेंसी, बगवाड़ा के गोदाम की जांच की गई। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी, बलिया द्वारा शिवम गैस एजेंसी की जांच की गई।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि किसी एजेंसी द्वारा कालाबाजारी, निर्धारित शुल्क से अधिक राशि की मांग या डिलीवरी में अनावश्यक देरी की शिकायत हो, तो इसकी सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06243-450626 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, ताकि उसपर अग्रतर कार्रवाई की जा सके। नियंत्रण कक्ष 24*7 कार्यरत है।




