:- रवि शंकर अमित!
जिले में रसोई गैस (एलपीजी) की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री द्वारा सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) तथा थिंक गैस के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की गई। बैठक में जिले में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था, उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों के निवारण तथा बैकलॉग की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति में बैकलॉग की अवधि बढ़ने के कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस क्रम में नीलम एचपी गैस एजेंसी, बगवाड़ा की कार्यप्रणाली में शिथिलता पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, बेगूसराय एवं भूमि उपसमाहर्त्ता, बेगूसराय को उक्त एजेंसी के विरुद्ध जाँच कर शीघ्र प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपभोक्ता शिकायतों के निवारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला नियंत्रण कक्ष में अब तक कुल 417 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 311 शिकायतों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है। नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों को संबंधित गैस एजेंसी तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को तत्काल प्रेषित कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित कराया जा रहा है। इसी क्रम में पूजा गैस एजेंसी के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों पर अनुमंडल पदाधिकारी बेगूसराय द्वारा किए गए जांच के उपरांत प्रतिवेदन के आधार पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही जिला पदाधिकारी द्वारा उक्त एजेंसी के निबंधन को रद्द करने की अनुशंसा भी क्षेत्रीय प्रबंधक, HPCL को कर दी गई है।
समीक्षा के दौरान यह भी बताया गया कि हाल के दिनों में सिलेंडर की आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। दिनांक 29 मार्च 2026 को जिले में 11,422 सिलेंडर की बुकिंग के विरुद्ध कुल 12,084 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई। वर्तमान में जिले में प्रतिदिन औसतन 4,221 सिलेंडरों की बुकिंग हो रही है, जिसके मुकाबले औसत डिलीवरी बढ़कर लगभग 4,707 सिलेंडर प्रतिदिन तक पहुँच गई है।
साथ ही जिला पदाधिकारी ने थिंक गैस की समीक्षा करते हुए थिंक गैस के प्रतिनिधि को अपने उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्हें प्रीपेड रिचार्ज को सुलभ बनाने एवं व्यापक प्रचार प्रसार करने का भी निर्देश दिया।
थिंक गैस के प्रतिनिधि ने बताया कि वर्तमान में उनके पास 4 हजार उपभोक्ता है, एक सप्ताह के अंदर 3 हजार और नए उपभोक्ताओं का सप्लाई प्रारंभ किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कृत्रिम बाधा या अनावश्यक विलंब को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा उपभोक्ताओं को समय पर सेवा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




