:- रवि शंकर अमित!
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय, बेगूसराय द्वारा राज्य के बेरोजगार युवाओं को नियोजन सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिला नियोजनालय परिसर में टूल किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत जिला नियोजनालय में निबंधित तथा मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण संस्थानों से प्रशिक्षित कुल 21 अभ्यर्थियों को उनके संबंधित ट्रेड के अनुसार स्वरोजगार हेतु नि:शुल्क टूल किट उपलब्ध कराई गई।
लाभार्थियों में इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के 11, फिटर के 2, सेल फोन रिपेयर के 2, फील्ड तकनीशियन (अदर होम एप्लायंसेज) के 2, इलेक्ट्रॉनिक्स हार्डवेयर के 1, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (नर्सिंग) के 2 तथा ब्यूटिशियन ट्रेड के 1 अभ्यर्थी शामिल रहे।
कार्यक्रम में टूल किट का वितरण जिला नियोजन पदाधिकारी, बेगूसराय एवं कार्यालय के अन्य कर्मियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लाभार्थियों को संबोधित करते हुए जिला नियोजन पदाधिकारी ने कहा कि टूल किट योजना आर्थिक रूप से कमजोर बेरोजगार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थी इन टूल किटों का उपयोग कर स्वयं का कार्य प्रारंभ कर सकते हैं और इससे उनकी आजीविका के बेहतर अवसर सृजित होंगे तथा वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कनीय सांख्यिकी सहायक राहुल कुमार, प्रधान लिपिक विनय कुमार, यंग प्रोफेशनल पंकज कुमार, जिला कौशल प्रबंधक रंजय सिंह देव, सामंत कुमार, सतीश पटेल तथा रामप्रीत सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।




