6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा!

SHARE:

रिपोर्ट- पंकज कुमार!

जहानाबाद से एक बेहद दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है और न्याय की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार, जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र में लगभग 6 वर्षीय बच्ची के साथ एक युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि परिजनों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसे लेकर सीधे नगर थाना पहुंचे। यहां उन्होंने लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों का कहना है कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं और अपनी बच्ची के लिए न्याय चाहते हैं। फिलहाल इस मामले की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की पुष्टि की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि मामला गंभीर है और हर पहलू से जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि परिजनों द्वारा दिया गया आवेदन प्राप्त हो चुका है और उसी के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल बच्ची का इलाज कराया जा रहा है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आएगी। प्रशासन ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Join us on: