बेगूसराय- जिलाधिकारी ने आई.सी.डी.एस. कार्यालय के योजनाओं की समीक्षा की!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

समाहरणालय, बेगूसराय

(जिला जन-संपर्क कार्यालय)

आज दिनांक 28.03.2026को जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित आई.सी.डी.एस. कार्यालय के योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में जिले की सभी 18 बाल विकास परियोजनाओं की प्रगति, आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं लाभुकों तक समयबद्ध लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 18 बाल विकास परियोजनाएं तथा 3,360 आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत एवं क्रियाशील हैं। मानव संसाधन की उपलब्धता की समीक्षा में यह जानकारी दी गई कि वर्तमान में जिले में 12 बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) तथा 80 महिला पर्यवेक्षिकाएं कार्यरत हैं। वहीं सेविकाओं के 133 एवं सहायिकाओं के 376 पद रिक्त पाए गए, जिनकी शीघ्र नियुक्ति की प्रक्रिया को गति देने का निर्देश दिया गया।

बैठक में ‘सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र’ योजना के अंतर्गत वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में स्वीकृत कुल 193 केंद्रों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि सभी 193 केंद्रों पर वर्षा जल संचयन प्रणाली स्थापित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके साथ ही पोषण वाटिका एवं बाला पेंटिंग के माध्यम से केंद्रों के आधुनिकीकरण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण पाया गया, जिस पर जिला पदाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।

पोषण अभियान के अंतर्गत फरवरी 2026 की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिले में बच्चों की माप दक्षता 95.23 प्रतिशत रही है। कुल 2,41,098 बच्चों की माप की गई, जिनमें 91.6 प्रतिशत बच्चे स्वस्थ पाए गए। वहीं 3.2 प्रतिशत बच्चे गंभीर कुपोषण (SAM) तथा 4.5 प्रतिशत बच्चे मध्यम कुपोषण (MAM) की श्रेणी में चिन्हित किए गए। जिला पदाधिकारी ने सभी कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य सुधार हेतु माता एवं शिशु को सदर अस्पताल बेगूसराय में संचालित पोषण एवं पुनर्वास केंद्र में भेजने का निर्देश दिया गया, ताकि चिकित्सीय निगरानी में उन्हें पोषण मानकों के अनुसार उचित पोषण सुनिश्चित किया जा सके।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना की समीक्षा में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए एमकेयूवाई के अंतर्गत जिले का लक्ष्य 10,080 निर्धारित है, जिसके विरुद्ध अब तक 8,876 प्रपत्र अपलोड किए जा चुके हैं, जो 88.06 प्रतिशत प्रगति को दर्शाता है। बछवाड़ा परियोजना 118 प्रतिशत उपलब्धि के साथ जिले में सर्वोच्च स्थान पर रही। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत अब तक 14,550 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया है, जो निर्धारित लक्ष्य का 61.6 प्रतिशत है।

बैठक में मनरेगा एवं नाबार्ड के माध्यम से आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले के 3,066 केंद्रों पर पेयजल सुविधा उपलब्ध है। जिला पदाधिकारी ने शेष केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी एवं पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस दिशा में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Join us on:

और पढ़ें