बेगूसराय जिले में तेल विपणन कंपनियों (OMCs) द्वारा एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति एवं वितरण सुचारु!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

समाहरणालय, बेगूसराय

(जिला जन-संपर्क कार्यालय)

बेगूसराय जिले में तेल विपणन कंपनियों (OMCs) द्वारा एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति एवं वितरण की स्थिति संतोषजनक एवं सुचारू बनी हुई है। जिला प्रशासन की सतत निगरानी तथा संबंधित कंपनियों के सक्रिय प्रयासों के फलस्वरूप 27 मार्च 2026 को जिले में कुल 12,009 एलपीजी सिलेंडरों की सफलतापूर्वक डिलीवरी की गई, जबकि 9,111 नई बुकिंग दर्ज की गई।

जिले के कुल 67 वितरकों के माध्यम से आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के 40 वितरकों द्वारा 7,370 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई, जो सर्वाधिक रही। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के 15 वितरकों द्वारा 3,583 सिलेंडरों तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के 12 वितरकों द्वारा 1,056 सिलेंडरों का वितरण किया गया।

जिले में वर्तमान समय में कुल 21,759 एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जिससे आगामी दिनों में भी उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। औसत डिलीवरी की तुलना में 27 मार्च को की गई कुल डिलीवरी अधिक रही है, साथ ही, औसत बैकलॉग को और कम करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं वितरकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा सभी गैस एजेंसियों एवं वितरकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपभोक्ताओं के घर तक एलपीजी सिलेंडरों की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि जिले में गैस की उपलब्धता पर्याप्त है तथा आपूर्ति व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।

उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि एलपीजी गैस की आपूर्ति, वितरण अथवा बुकिंग से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06243-450626 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जिला नियंत्रण कक्ष 24×7 कार्यरत है। अब तक कुल 399 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से अधिकांश का त्वरित निष्पादन कर दिया गया है तथा शेष शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया जारी है।

Join us on:

और पढ़ें