रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया
सदर विधायक सह उच्च विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने शनिवार को जनता इंटर विद्यालय, मानसी में प्रबंधकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक से पूर्व विधायक ने पूरे विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के विकास को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक बबलू मंडल ने कहा कि जनता इंटर विद्यालय की शिक्षा के क्षेत्र में एक अलग पहचान है, जिसे और सशक्त बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि हाल ही में मानसी की दो बेटियों ने बिहार टॉपर बनकर इस क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह यहां के छात्रों में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और विद्यालय के बेहतर शैक्षणिक माहौल का परिणाम है।
विधायक ने कहा कि उनका प्रयास है कि जनता इंटर विद्यालय को जिले का रोल मॉडल स्कूल बनाया जाए। इसके लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस क्लासरूम, समृद्ध लाइब्रेरी और आधुनिक प्रयोगशालाओं का निर्माण कराया जाएगा, ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।
मानसी के समग्र विकास पर जोर देते हुए विधायक ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह कृतसंकल्पित हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने विधानसभा में मानसी में कॉलेज निर्माण की मांग उठाई है, ताकि स्थानीय छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े। इसके साथ ही मानसी में मल्टी लेवल मार्केट और पार्किंग व्यवस्था विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिससे बाजार की भीड़भाड़ को नियंत्रित किया जा सके।
विधायक ने आगे कहा कि मानसी जंक्शन के पश्चिमी केबिन पर आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) निर्माण की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई है, ताकि आवागमन को सुगम बनाया जा सके और जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभा देवी, विद्यालय प्रधान सह उच्च विद्यालय प्रबंधन समिति सचिव मेनू कुमारी, अनुसूचित महिला प्रतिनिधि नीलम देवी, भू-दाता मीरा देवी, प्रियेश रौशन, शिक्षा प्रेमी अशोक कुमार विद्यार्थी सहित कुमार प्रभाष महिला कॉलेज खगड़िया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा संजीव कुमार मंडल, सुभाष कुमार यादव, अब्दुल अहद, राजेश आनंद, अभिजीत आनंद, श्रवण कुमार सिंह, सुषमा कुमारी, रवि कुमार, मुरारी कुमार, रिपु रंजन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
वहीं प्रबुद्धजनों में राजनीति प्रसाद, उपेंद्र प्रसाद सिंह, गोलू सिंह, आयुष सिंह, अशोक कुमार विद्यार्थी समेत अन्य लोग भी बैठक में शामिल हुए। सभी ने विद्यालय के विकास और क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए। बैठक का समापन विद्यालय के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ हुआ।




