मुंगेर-उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ठेठ अंदाज में बोलकर जीता लोगों का दिल!

SHARE:

रिपोर्ट- सुमित कुमार

मुंगेर के असरगंज में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का दौरा, ठेठ भाषा में जोड़ा लोगों से दिल—विकास, एक्सप्रेसवे और उद्योग पर बड़े ऐलान

मुंगेर जिले के असरगंज नगर पंचायत स्थित सरस्वती स्थान चैती दुर्गा मंदिर में शनिवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान के साथ माता चैती दुर्गा की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ठेठ स्थानीय भाषा में लोगों से संवाद कर खास जुड़ाव बनाया। उन्होंने कहा, “हम तो तोहरे घरे के छी, केहूँ बाहर के न छी। एक किलोमीटर पर हमरा गाँव छे, पूरा जीवन यही बाजार में घूमते रहे हैं।” उनके इस अंदाज से लोगों में उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि वे पहली बार तारापुर के विधायक बने हैं, लेकिन लंबे समय से राज्य की सेवा करते आ रहे हैं। उन्होंने असरगंज और तारापुर के लोगों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और जितनी तेज गति से विकास संभव होगा, उतना काम कराया जाएगा।
सम्राट चौधरी ने क्षेत्र में आधारभूत संरचना को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि सुल्तानगंज से देवघर तक सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। साथ ही हल्दिया-रक्सौल मार्ग और प्रस्तावित फोरलेन व एक्सप्रेसवे परियोजना के तहत यह इलाका सीधे जुड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क बनने के बाद कोलकाता की दूरी काफी कम हो जाएगी और यात्रा का समय घटकर पांच-छह घंटे रह जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में रेलवे परियोजनाओं को फिर से गति देने के लिए डीपीआर पर काम किया जा रहा है। सुल्तानगंज में प्रस्तावित एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सड़क, रेलवे और हवाई सुविधा—तीनों का लाभ इस इलाके को मिलेगा।
उद्योग के क्षेत्र में बड़ी पहल की बात करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि असरगंज के पास करीब 500 एकड़ जमीन का अधिग्रहण कर उद्योग स्थापित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और लोगों का पलायन रुकेगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि जमीन अधिग्रहण से कुछ लोगों को परेशानी होगी, लेकिन सरकार उचित मुआवजा देगी।
इस दौरान उन्होंने असरगंज में विवाह भवन की मांग को स्वीकार करते हुए बताया कि इसके लिए राशि पहले ही दी जा चुकी है। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र एस्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया और कहा कि अगली बार दौरे पर आकर वे स्वयं इसका शिलान्यास करेंगे।
अपने संबोधन में उन्होंने लोगों के समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि असरगंज की जनता ने उन्हें एक हजार वोट से जिताया है, यह कर्ज वे कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि वे पूरे क्षेत्र के विधायक हैं और सभी के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि बिहार को समृद्धि की राह पर आगे बढ़ाया जाए। सड़क, बिजली और पानी के बाद अब उद्योग और रोजगार पर फोकस किया जाएगा, ताकि राज्य के लोगों को बाहर न जाना पड़े। उन्होंने लोगों से सहयोग और आशीर्वाद की अपील करते हुए अपनी बात समाप्त की।

बाइट-सम्राट चौधरी उपमुख्यमंत्री बिहार

Join us on:

और पढ़ें