रिपोर्ट- अमित कुमार
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और बिहार की सत्ता छोड़ने की खबर ने उनके करीबियों को झकझोर दिया है।
नीतीश सरकार के कद्दावर मंत्री अशोक चौधरी आज मीडिया के सामने न सिर्फ भावुक नजर आए, बल्कि उन्होंने मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार को लेकर भी एक बड़ा बयान दे दिया है।
नीतीश कुमार के भविष्य के कदम को लेकर जब मंत्री अशोक चौधरी से सवाल किया गया, तो वे अपने आंसू नहीं रोक पाए। उन्होंने भारी मन से कहा कि नीतीश कुमार का जाना हर बिहारवासी के लिए एक भावुक पल है। उन्होंने कहा, “निश्चित तौर पर यह फैसला हम सबको बहुत खलेगा। कौन नहीं जानता कि नीतीश कुमार ने बिहार के लिए क्या कुछ नहीं किया? कई लोगों के वीडियो वायरल हुए, आपने देखा होगा। यह हम सबके लिए बहुत ही भावुक पल है, लेकिन अंततः यह नीतीश कुमार जी का अपना फैसला है और इसमें हम लोग कुछ नहीं कर सकते।”
जब अशोक चौधरी से पूछा गया कि सदन में अब उन्हें कौन समझाएगा, क्योंकि नीतीश कुमार हमेशा उन्हें गाइड करते थे, तो उन्होंने रुंधे गले से कहा— “मुश्किल तो है और मुसीबत भी है।”
लेकिन बात सिर्फ विदाई की नहीं थी। शहर में लगे उन पोस्टरों पर भी चर्चा हुई जिनमें नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को ‘बिहार का भविष्य’ बताया जा रहा है। इस पर अशोक चौधरी ने विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए निशांत का समर्थन किया “क्यों नहीं हो सकता? हमारे कार्यकर्ता चाहते हैं। निशांत कुमार के बारे में सबको पता है। बिहार में वो लोग मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं जो मैट्रिक तक पास नहीं हैं, तो फिर निशांत क्यों नहीं? निशांत तो पढ़े-लिखे और योग्य हैं।”
वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हालिया बयानों पर तंज कसते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि ममता हार के डर से अपने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रही हैं।
अशोक चौधरी का बयान इस बात का संकेत है कि नीतीश कुमार के जाने के बाद भी उनकी पार्टी में उनके बेटे निशांत कुमार को आगे बढ़ाने की तैयारी चल रही है। अब देखना होगा कि नीतीश कुमार के इस फैसले का बिहार की राजनीति पर क्या असर पड़ता है।




