रिपोर्ट – पंकज कुमार
रामनवमी पर्व को लेकर जिले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से शहर के एनएच-83 समेत प्रमुख मार्गों पर भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ भारी संख्या में सुरक्षाबल शामिल हुए।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ,पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिंह व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने किया। यह मार्च एनएच-83 के शहरी क्षेत्र से शुरू होकर कारगिल चौक, अस्पताल मोड़, अंबेडकर चौक, निकली रोड, माला चक, फिदा हुसैन मोड़, काको मोड़ होते हुए राजाबाजार सहित विभिन्न इलाकों से गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आम लोगों को शांति बनाए रखने का संदेश दिया।
प्रशासन ने साफ किया है कि रामनवमी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि जुलूस पारंपरिक तरीके से निकाले जाएं, लेकिन पूरी तरह शांतिपूर्ण और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप हों। डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के 133 स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों व प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और रामनवमी का पर्व आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। प्रशासन का दावा है कि पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।



