मधुबनी- परिवाद समाप्त, बछराजा नदी पर पुल निर्माण का रास्ता साफ!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी–बरहा मार्ग पर चम्पा टोल स्थित बछराजा नदी पर बने जर्जर पुल के मरम्मत एवं पुनर्निर्माण को लेकर दायर परिवाद का निष्पादन जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, मधुबनी द्वारा कर दिया गया है। विभागीय कार्रवाई पूरी होने के साथ ही अब पुल निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की उम्मीद जताई गई है।
इस संबंध में बेनीपट्टी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता सह आरटीआई एक्टिविस्ट त्रिलोक नाथ झा ने पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए परिवाद दायर किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित कार्यालय द्वारा ग्रामीण कार्य विभाग, बेनीपट्टी के कार्यपालक अभियंता को नोटिस जारी कर जांच प्रतिवेदन मांगा गया।
कार्यपालक अभियंता ने पत्रांक 670, दिनांक 12 मार्च 2026 के तहत प्रस्तुत प्रतिवेदन में बताया कि उक्त पुल “बेनीपट्टी–बरहा मार्ग पर उच्च स्तरीय आरसीसी पुल निर्माण” योजना के अंतर्गत स्वीकृत है, जो एम जी एस वाई योजना में शामिल है। पुल की कुल लंबाई 26.26 मीटर निर्धारित की गई है। एकरारनामा संख्या 21/ सी एम बी डी /2025-26 के अनुसार निर्माण कार्य की शुरुआत 28 जून 2025 से प्रस्तावित है, जबकि इसकी पूर्णता 27 जून 2027 तक निर्धारित की गई है।
प्रतिवेदन में यह भी स्पष्ट किया गया कि पुल निर्माण के लिए आवश्यक सॉइल टेस्ट (मिट्टी जांच) पूरा कर लिया गया है और अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
विभागीय प्रतिवेदन के आलोक में यह स्पष्ट होने पर कि परियोजना प्रक्रिया में है, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने परिवाद की कार्रवाई समाप्त कर दी है।
गौरतलब है कि बछराजा नदी पर बना यह पुल क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों, छात्रों एवं किसानों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है। लंबे समय से पुल की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होने की सूचना से क्षेत्र में राहत और उम्मीद की लहर देखी जा रही है।

Join us on: