रिपोर्ट- अमित कुमार
बिहार की सियासत इस वक्त चरम पर है। राज्यसभा की पांच सीटों के लिए हो रही वोटिंग ने सत्ता और विपक्ष दोनों खेमों में हलचल तेज कर दी है। राजनीतिक गलियारों में हर पल बदलते समीकरणों पर नजर रखी जा रही है और हर वोट को सत्ता की बाज़ी का निर्णायक माना जा रहा है।
राजधानी पटना स्थित बिहार विधानसभा में मतदान का सिलसिला जारी है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक सत्ताधारी गठबंधन यानी एनडीए के अब तक 176 विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं, जबकि विपक्षी महागठबंधन के 37 विधायकों ने वोट डाला है।
राष्ट्रीय जनता दल के 24 विधायकों ने मतदान कर दिया है, लेकिन ढाका से विधायक फैसल रहमान का अभी भी इंतजार किया जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिससे सियासी सस्पेंस और गहरा गया है। वहीं कांग्रेस के तीन विधायक अब तक वोट डालने नहीं पहुंचे हैं। इनमें सुरेंद्र कुशवाहा और मनोज विश्वास से भी पार्टी नेताओं का संपर्क नहीं हो पा रहा है।
राज्यसभा की पांच सीटों के लिए इस बार मुकाबला दिलचस्प हो गया है, क्योंकि मैदान में कुल 6 उम्मीदवार हैं। ऐसे में मतदान जरूरी हो गया है। चुनावी गणित के मुताबिक एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों के वोट की जरूरत है। सत्ताधारी एनडीए के पास करीब 202 विधायकों का समर्थन बताया जा रहा है, जिससे उसका पलड़ा भारी माना जा रहा है।
इसी बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दावा किया कि महागठबंधन इस चुनाव में जीत हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई बीजेपी की विचारधारा से है और वे लगातार उसका मुकाबला करते रहेंगे। कांग्रेस विधायकों के गायब होने के सवाल पर तेजस्वी ने इसे महज अफवाह बताते हुए कहा कि बीजेपी का काम ही अफवाह फैलाना है।
राजनीतिक हलचल के बीच कई दिलचस्प तस्वीरें भी सामने आईं। मोकामा से विधायक अनंत सिंह जेल से आकर वोट डालने पहुंचे और उन्होंने भविष्य में चुनाव न लड़ने का ऐलान भी कर दिया। वहीं बिहार सरकार के मंत्री बिजेंद्र यादव अस्वस्थ नजर आए और दो लोगों के सहारे विधानसभा की सीढ़ियां चढ़ते दिखे।
इस बीच एक और दिलचस्प दृश्य तब सामने आया जब केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के परिवार की सदस्य तेजस्वी यादव के कमरे से निकलती दिखीं, जिससे सियासी चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
फिलहाल मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा और उसके बाद 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। देर शाम तक यह साफ हो जाएगा कि बिहार की इस सियासी बाज़ी में आखिर किसका दांव सफल होता है और कौन मात खाता है।



