संदिग्ध स्थिति में कतर से लौटे युवक का शव लीची बागान में पेड़ से लटका मिला!

SHARE:

रिपोर्ट- संतोष तिवारी

बिहार/ मुजफ्फरपुर

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ पैगंबरपुर स्थित हरिसाह चौक के लीची गाछी में गुरुवार को एक युवक का शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।मृतक की पहचान मो. इमदाद हुसैन के रूप में हुई है, जो कोल्हुआ पैगंबरपुर का निवासी था। सूचना पर अहियापुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है। परिजनों के अनुसार, इमदाद हुसैन दो दिन पहले ही कतर से घर लौटा था। वह रोज़गार के सिलसिले में विदेश गया हुआ था। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय से बीमार भी चल रहा था। दो वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी और परिवार के भरण-पोषण के लिए बाहर काम करता था।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय स्तर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है,वही अहियापुर थाना प्रभारी ने अभी आधिकारिक रूप से किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत कैसे हुई इसका खुलासा हो सकेगा।

Join us on: