:- आलोक झा (अंतरराष्ट्रीय मामलों के संवाददाता)

🇺🇸 👆🏽🇮🇳 🇵🇰 अमरीका ने कोरोना संक्रमण के मामलों में गिरावट को देखते हुए भारत की यात्रा करने वाले अपने नागरिकों के लिए लेवल-वन नोटिस जारी किया है। अमरीका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन ( CDC ) की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक FDA (फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) द्वारा मान्यता प्राप्त टीके के दोनों डोज ले चुके लोगों को भारत में कोरोना से संक्रमित होने का खतरा कम है । CDC ने पाकिस्तान के लिए भी इसी तरह का नोटिस जारी किया है, जिसके तहत पाकिस्तान की यात्रा करने की योजना बना रहे अमरीकी नागरिकों को यात्रा संबंधी कोरोना के मानकों में ढील दी गई है। CDC के अनुसार यात्रा संबंधी नोटिस चार प्रकार के हैं:- लेवल-4 बेहद खतरनाक, लेवल-3 खतरनाक, लेवल-2 मध्यम, लेवल-1 कम।
अमरीकी विदेश विभाग ने भी भारत और पाकिस्तान दोनों के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें नागरिकों से अपील की गई है कि अगर वे पाकिस्तान की यात्रा करने के बारे में सोच रहे हैं, तो आतंकवाद और हिंसा के कारण इस पर एक बार पुन: विचार कर लें और भारत की यात्रा के दौरान भी सावधानी बरतें। भारत के लिए जारी एडवाइजरी में अमरीका ने अपने नागरिकों से आतंकवाद के कारण जम्मू-कश्मीर की यात्रा नहीं करने को कहा है। इसके अलावा भारत-पाकिस्तान की सीमा के 10 किलोमीटर के दायरे में भी न जाने की सलाह दी है।




