:- रवि शंकर अमित!
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सात निश्चय–3’ के अंतर्गत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ कार्यक्रम के तहत आज दिनांक 02 फरवरी, 2026 को जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री द्वारा समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया।
जनता दरबार के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया। इस अवसर पर राजस्व, भूमि विवाद, पर्चा, सड़क, शिक्षा, परिमार्जन, अतिक्रमण, आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 29 मामले प्रमुख रूप से सामने आए।
जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरतापूर्वक सुना एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मामलों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, जिससे प्रशासनिक प्रक्रियाएं सरल, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बन सकें और नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।




