रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया
भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 का जिले में औपचारिक शुभारंभ आज जिला पदाधिकारी नवीन कुमार द्वारा किया गया। यह अभियान 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित होगा, जिसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की 100 प्रतिशत संतृप्ति (सैचुरेशन) सुनिश्चित करते हुए अंतिम लाभार्थी तक प्रभावी पहुँच बनाना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सह उद्घाटनकर्ता जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया गया।
मौके पर जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार ने आकांक्षी जिला अंतर्गत चयनित सभी विकास सूचकांकों (इंडिकेटर्स) की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अभियान की अवधि के दौरान स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, पशु स्वास्थ्य सहित सभी प्राथमिक क्षेत्रों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत विशेष दिवसों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें प्रमुख रूप से ग्राम सभा, स्वास्थ्य जांच शिविर, महिला दिवस, टीकाकरण दिवस, विज्ञान दिवस तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती आदि शामिल हैं, ताकि जन सहभागिता बढ़े और योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुँचे।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि 14 अप्रैल 2026 तक सभी चयनित इंडिकेटर्स को पूर्ण रूप से सैचुरेट (100 प्रतिशत) किया जाए, जिससे जिला विकास के मानकों पर अग्रणी बन सके। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं परिणामोन्मुखी कार्य करने पर विशेष बल दिया गया।
उप विकास आयुक्त महोदया सहित अन्य अधिकारियों ने भी अभियान की रूपरेखा पर अपने विचार साझा किए तथा इसे जिले के समग्र एवं समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
गौरतलब है कि संपूर्णता अभियान 2.0 केवल आंकड़ों की पूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता को सुदृढ़ करना है, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं से वंचित न रह जाए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्वेता भारती,जिला योजना पदाधिकारी बबन कुमार ,सिविल सर्जन रामेंद्र कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी राकेश रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गोंड, , सहायक जिला योजना पदाधिकारी नित्यानंद किशोर, कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा आकांक्षा चौधरी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी महिला एवं बाल विकास अमृता रंजन, पीरामल फाउंडेशन से सेराज हसन, बीडीओ परबत्ता, सभी प्रखंडों के एमओआईसी, आंगनवाड़ी सेविका, जीविका प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।




