रिपोर्ट- पंकज कुमार
जहानाबाद शहर के गौतम बुद्ध इंटर विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर उस समय सभी हैरान रह गए, जब एक छात्रा शादी के जोड़े और हाथों में मेहंदी लगाए सीधे परीक्षा देने पहुंच गई। जानकारी के अनुसार, रतनी प्रखंड के खैरा गांव की रहने वाली वर्षा कुमारी की शादी सोमवार की अहले सुबह गया जिले के पहाड़पुर गांव में संपन्न हुई थी। शादी की रस्मों और विदाई के बीच भी वर्षा ने अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता दी और बिना समय गंवाए सीधे परीक्षा केंद्र पहुंचकर इतिहास विषय की परीक्षा दी। शादी के लाल जोड़े और गहनों में सजी दुल्हन को परीक्षा केंद्र पर देखकर अन्य छात्राओं और अभिभावकों की भारी भीड़ जमा हो गई। हर कोई इस अनोखे पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करना चाहता था, जिससे कुछ समय के लिए परीक्षा केंद्र पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिस को भीड़ नियंत्रित करनी पड़ी। वर्षा कुमारी और उनके परिजनों ने बताया कि शादी आज सुबह ही हुई थी, लेकिन परीक्षा देना बेहद जरूरी था। इसी कारण वह सीधे मंडप से परीक्षा देने पहुंची। परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस अधिकारी ने भी छात्रा के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि उसने समाज के सामने एक सकारात्मक संदेश पेश किया है। वर्षा कुमारी का यह कदम यह साबित करता है कि शादी और सामाजिक रस्में अपनी जगह हैं, लेकिन शिक्षा और करियर के प्रति जिम्मेदारी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उनका यह साहसिक निर्णय आज के समाज के लिए एक प्रेरणा बनकर सामने आया है।
Byte – वर्षा कुमारी एवं उसके परिजन
रूबी कुमारी, परीक्षा केंद्र पर तैनात एसआई



