:- रवि शंकर अमित!
आज दिनांक 31.12.2025 को जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री द्वारा प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के तहत बखरी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण एवं जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के साथ बैठक की गई।
सर्वप्रथम जिला पदाधिकारी द्वारा सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने विभागों की योजनाओं की समीक्षा करने का निर्देश दिया, इसके उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा बारी-बारी से सभी विभागों के योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा पंचायती राज विभाग, स्वास्थ्य, शिक्षा, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि की समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को पंचायतों में सभी खराब पड़े सोलर स्ट्रीट लाईट को ठीक कराने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को एससी/एसटी अत्याचार अधिनियम के अंतर्गत विभिन्न थानों में लंबित मामलों में मुआवजा भुगतान हेतु लंबित मामलों को सभी थाना से समन्वय स्थापित कर निष्पादित करते हुए ससमय आवेदन जिला कल्याण कार्यालय में भेजने का निर्देश दिया।
ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी पंचायतों में खराब पैडल रिक्शा एवं ई-रिक्शा की मरम्मति कराने का निर्देश पंचायती राज पदाधिकारी को दिया। साथ ही लक्ष्य के अनुसार सार्वजनिक स्थलों पर सोखता निर्माण का कार्य पूर्ण करने का निर्देश प्रखंड समन्वयक एलएसबीए को दिया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी स्वीकृत एचडब्लूसी, एपीएचसी को यथाशीघ्र चालू करने का निर्देश प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दिया।
राशन कार्ड की समीक्षा करते हुए सभी लंबित आवेदनों को ससमय निष्पादन करने का निर्देश प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दिया।
इसके बाद जिला पदाधिकारी द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा की एवं उनकी समस्याओं को सुना।
उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने पंचायत से संबंधित समस्याओं को जिला पदाधिकारी के समक्ष रखा गया, जिसपर जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारी को कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा आम लोगों के साथ जनसुनवाई किया गया। जहां आम लोगों द्वारा राशन कार्ड, भूमि सहित अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन जिला पदाधिकारी को दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने त्वक्षण संबंधित पदाधिकारी को उपरोक्त आवेदन पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा सात निश्चय पार्ट-3 से संबंधित सभी बिन्दुओं को विस्तृत रूप से सभी जनप्रतिनिधियों को बताया गया।
साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाये गये समस्याओं को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार का कार्यक्रम आगे भी निर्धारित किया जायेगा, ताकि आम लोगों की समस्याओं का समाधान ससमय हो।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता बेगूसराय, अपर समाहर्ता, विभागीय जाँच, सिविल सर्जन बेगूसराय, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी बखरी, अंचल अधिकारी बखरी सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।




