रिपोर्टर — राजीव कुमार झा
मधुबनी अपराध एवं अवैध हथियार तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत् मधुबनी पुलिस को आज एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। नरहिया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई में एक व्यक्ति को अवैध देशी कट्टा और तीन जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, आज दोपहर करीब 12:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि किशनगंज से दिल्ली की ओर जा रही एक नारंगी रंग की बस में एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार लेकर जा रहा है। सूचना को तत्काल वरीय पुलिस पदाधिकारियों तक पहुंचाया गया और उनके निर्देश पर नरहिया थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई शुरू की। बस को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बस में सवार एक यात्री ललित कुमार राय, पिता राजेन्द्र राय, गांव थारिया, थाना निर्मली, जिला सुपौल के पास एक काले रंग के बैग में से 01 देशी कट्टा और 03 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। मामले को लेकर थाना प्रभारी निलेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर आरोपित को गिरफ्त में ले लिया है। पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध आर्मस एक्ट के विभिन्न सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह हथियार लेकर कहाँ जा रहा था और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने बताया कि जिलेभर में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने हथियार कहाँ से प्राप्त किया तथा इसे आगे किसे पहुंचाने की योजना थी। बरामदगी में पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक मोबाईल फोन भी जब्त किया है, जिसकी कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं, ताकि उसके संपर्कों का पता लगाया जा सके। स्थानीय पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है। अपराधियों के विरुद्ध पुलिस की इस तरह की निरंतर कार्रवाई से जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल रही है।




