जनता की बात, पुलिस के साथ- अररिया संग्राम थाना में एसपी ने सुनी शिकायतें, दिए समाधान के आदेश!

SHARE:

रिपोर्टर — राजीव कुमार झा

एसपी ने जनता को दिलाया भरोसा—“हर शिकायत पर होगी कार्रवाई” थानाध्यक्ष को भी दिए जरूरी निर्देश

मधुबनी पुलिस कप्तान योगेंद्र कुमार ने अररिया संग्राम थाना परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष को शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया है। जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग को और मजबूत बनाना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, पंचायत प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। लोगों ने अपने- अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं, जिनमें भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, आपसी झगड़े, शराबबंदी से संबंधित शिकायतें और थानों में लंबित आवेदन से जुड़ी बातें प्रमुख रहीं। एसपी योगेंद्र कुमार ने उपस्थित नागरिकों से कहा कि पुलिस का कार्य जनता की सेवा करना है। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी हर शिकायत पर निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने थाना स्तर पर जनता की सुनवाई को प्राथमिकता देने और निचले स्तर पर विवादों के समाधान की आवश्यकता पर बल दिया है। कार्यक्रम के दौरान एसपी ने थाना पंजी का निरीक्षण भी किया और रजिस्टर में दर्ज मामलों की समीक्षा की है। उन्होंने थानाध्यक्ष आयुष कुमार को निर्देश दिया कि सभी फरियादियों की समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, किसी भी मामले में अनावश्यक देरी न हो, ताकि जनता का विश्वास पुलिस पर बना रहे। एसपी ने कहा कि थानों में जनता के लिए बनाए गए नियंत्रण कक्ष और शिकायत निवारण काउंटर का उपयोग प्रभावी ढंग से किया जाए। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। इस मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) सुबोध कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी और थाना कर्मी मौजूद रहे। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस कप्तान से प्रत्यक्ष बातचीत कर कई मामलों में मार्गदर्शन प्राप्त किया और अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई। कार्यक्रम के अंत में एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को जनता के साथ संवेदनशील और व्यवहारिक रवैया अपनाने की सलाह दी है।

Join us on: