भीषण अग्निकांड, दर्जनों आशियाना जलकर हुआ राख!

SHARE:

रिपोर्ट – बिकास कुमार!

सहरसा। जिले के नवहट्टा प्रखंड अंतर्गत मुरादपुर पंचायत के चौतारा गांव स्थित राम टोली में भीषण अगलगी की घटना से भारी तबाही मच गई। आग की चपेट में आने से दर्जनों परिवारों के घर और उनमें रखे घरेलू सामान जलकर राख हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अगलगी के कारण प्रभावित परिवारों के सामने रहने और जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।

बताया जाता है कि आग लगने के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें लगातार फैलती रहीं। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची अग्निशमन गाड़ी से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया, लेकिन पानी कम पड़ने लगा। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टियों से पानी भरकर अग्निशमन गाड़ी में डालना शुरू किया। ग्रामीणों और अग्निशमन कर्मियों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

इस घटना में घरों में रखे फर्नीचर, पंखे, टीवी, पलंग और अन्य जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गए। घरों में रखी लाखों रुपये की नकदी जलने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि नुकसान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना के दौरान नवहट्टा थाना के एसआई रोशन कुमार भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में सहयोग करते नजर आए।

फिलहाल, जले हुए घरों और सामान के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत और मुआवजा मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि प्रशासन प्रभावित परिवारों को कितनी जल्द सहायता उपलब्ध कराता है।

Join us on: