रिपोर्ट- सुमित कुमार
स्वास्थ्य, पर्यटन और कृषि से जुड़े विकास कार्यों से मुंगेर को मिलेगी नई गति – सम्राट चौधरी
मुंगेर प्राकृतिक संपदा, गरम जलधाराओं, घने जंगलों और समृद्ध जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध मुंगेर जिले की खड़गपुर झील में बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने नौका विहार का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खड़गपुर झील का समग्र विकास न केवल जिले को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और आर्थिक विकास के अवसर भी उत्पन्न करेगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार राज्य में पर्यटन, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में योजनाबद्ध एवं निरंतर विकास कार्य कर रही है।
हवेली खड़गपुर पहुंचने पर श्री चौधरी ने 100 बेड वाले अनुमंडलीय अस्पताल में विभिन्न आधुनिक चिकित्सीय सेवाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, योग्य चिकित्सकों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने खड़गपुर झील के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का उद्घाटन किया तथा झील के समग्र विकास को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक की। बैठक में वन एवं पर्यावरण, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, पथ निर्माण, पर्यटन, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, लघु सिंचाई एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। श्री चौधरी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी योजना के अंतर्गत मुंगेर जिले की पांच प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों—तारापुर, असरगंज, संग्रामपुर, टेटिया बंबर एवं हवेली खड़गपुर—में आधारभूत संरचना निर्माण का शिलान्यास भी किया गया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इससे किसानों को बेहतर भंडारण एवं विपणन सुविधाएं मिलेंगी और उनकी आय में वृद्धि होगी।
उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि स्वास्थ्य, पर्यटन और कृषि से जुड़े इन विकास कार्यों से मुंगेर जिले के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
बाइट-सम्राट चौधरी उपमुख्यमंत्री




