रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया
जिलाधिकारी खगड़िया नवीन कुमार द्वारा आज जिला मुख्यालय खगड़िया में बूढ़ी गंडक नदी के तट पर निर्माणाधीन विद्युत शवदाह गृह एवं कसरैया धार क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण अनुमंडल पदाधिकारी गोगरी के साथ संयुक्त रूप से किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा विद्युत शवदाह गृह स्थल का जायजा लेते हुए वर्ष के सभी महीनों में जलजमाव की समस्या से स्थायी मुक्ति सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक एवं स्पष्ट दिशानिर्देश दिए गए। इसके उपरांत अघोरी स्थान तक पैदल निरीक्षण करते हुए बूढ़ी गंडक नदी किनारे रिवर फ्रंट के समुचित एवं आकर्षक डिज़ाइन तैयार करने हेतु नगर परिषद, खगड़िया को निर्देशित किया गया, ताकि यह क्षेत्र नागरिकों के लिए सुव्यवस्थित एवं उपयोगी बन सके।
इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री नवीन कुमार की पहल पर कसरैया धार को एक संभावित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को लेकर स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, पहुंच मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता का विस्तृत आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता में रखते हुए सुनियोजित विकासात्मक योजनाओं का प्रस्ताव तैयार किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल शहरी एवं ग्रामीण अधोसंरचना सुदृढ़ होगी, बल्कि स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार, स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे, साथ ही खगड़िया जिले की पहचान एक सुविकसित एवं स्वच्छ शहर के रूप में स्थापित होगी।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन श्री विजयंत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी गोगरी सुश्री कृतिका मिश्रा, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री विवेक सुगंध, वरीय उप समाहर्ता श्री प्रवीण कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।




