रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!
कार्यक्रम का विधान परिषद सदस्य, विधायक, मधुबनी एवं अध्यक्ष, जिला परिषद,मधुबनी के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया उद्घाटन
संयुक्त कृषि भवन, रामपट्टी(मधुबनी) में ‘आत्मा’ के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान
मेला-सह-प्रदर्शनी (17-18 दिसंबर) का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य श्याम ठाकुर , विधान सभा सदस्य,मधुबनी माधव आनंद ,जिला परिषद अध्यक्षा बिंदु गुलाब यादव ,मेयर अरुण राय आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगे विभिन्न स्टालों का गहन निरीक्षण किया और किसानों के साथ संवाद किया। सभी ने किसानों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों और कृषि वैज्ञानिकों द्वारा प्रदर्शित आधुनिक यंत्रों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां हमारे अन्नदाताओं को तकनीक से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदस्य, बिहार विधान परिषद, श्याम ठाकुर के द्वारा बताया गया कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार के द्वारा कृषि के संवर्धन एवं संरक्षण की दिशा में काफी कार्य किया जा रहा है। किसानों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेते हुए आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पहले शकरकंद(अलुआ) की खेती काफी होती थी। जो पौष्टिकता से भरपूर होती है, लेकिन शकरकंद(अलुआ) की खेती मधुबनी से दिनानुदिन खत्म हो रही है। सभी किसानों को शकरकंद की खेती करने पर भी ध्यान देना चाहिए। इसके साथ ही अन्य फसलों यथा-शामा, कौनी, मड़ुआ, मकई आदि की खेती करने पर भी भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों को काफी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
तत्पश्चात विधायक, मधुबनी, माधव आनंद ने भी जोर देते हुए कहा कि किसानों की उन्नति के बिना राज्य और देश का विकास संभव नही है। राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार के द्वारा किसानों की उन्नति के लिए काफी कल्याणकारी योजनाएं चलायी जा रही है। किसानों को भी सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाते हुए कृषि में नवाचार करते हुए तथा कृषि यंत्रों के माध्यम से कम लागत में अधिक मुनाफा के लिए कार्य करने की जरूरत है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष, बिंदु गुलाब यादव ने कहा कि किसान भाई एवं कृषी वैज्ञानिकों के द्वारा अनुशंसित तकनीक का प्रयोग अपने खेतों पर करें तथा जैविक खाद का उपयोग करते हुए अपनी खेती करें । जिससे आपके पर्यावरण के साथ-साथ स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर, मधुबनी, अरुण राय ने कहा कि किसानों को कृषि यंत्रों का लाभ लेते हुए खेती करने की जरूरत है। जिससे कि उन्हें कम लागत में ज्यादा मुनाफा हो सकें। जिला कृषि पदाधिकारी ललन कुमार चौधरी ने किसानों से अनुरोध किया कि धान, गेहूं की खेती के साथ-साथ किसान अगर मक्का की खेती करते हैं तो उन्हें ज्यादा लाभ होगा। साथ ही गरमा में किसान बंधु मड़ुआ का खेती की तरफ आगे बढ़े और अपनी खेत को मड़ुआ की फसल से आच्छादित करें। इस अवसर पर जिले के किसानों के द्वारा तरह-तरह के फल-फूल एवं सब्जियां का स्टॉल लगाया गया था तथा कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत कृषि यंत्र आपूर्ति करने वाले प्रतिष्ठानों के द्वारा प्रतिष्ठानों के द्वारा कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। कार्यक्रम का मंच संचालन कृषि समन्यवयक, संतोष कुमार के द्वारा किया गया।
इस कार्यक्रम में उप निदेशक, संजय कुमार, उप-निदेशक, आत्मा, वीरेंद्र कुमार, श्री नंदन, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, शिव कुमार सहित जिले के सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारी , प्रखंड कृषि पदाधिकारी , प्रखंड तकनीकी प्रबंधक , सहायक तकनीकी प्रबंधक, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार एवं अन्य पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित थे।




