रिपोर्टर — राजीव कुमार झा
एक का शव पेड़ से लटका, दूसरे के पेट पर चोट के निशान — एसपी बोले “हत्याकांड की हर एंगल से पड़ताल जारी
फोरेंसिक टीम जुटी सबूतों की पड़ताल में, सात दिनों में हत्याकांड का खुलासा करने का दावा
ऐंकर– मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र के कौआहा और मानसिंह पट्टी गांव में मंगलवार के दिन दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थीं। दोनों ही घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। बुधवार को मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) योगेन्द्र कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच-पड़ताल की है। एसपी के साथ जयनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राघव दयाल, बासोपट्टी थानाध्यक्ष विकास कुमार, पुलिस अधिकारी संजय सिंह सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी एवं जवान भी मौजूद रहे। एसपी ने अलग-अलग स्थानों पर जाकर घटनास्थलों का निरीक्षण किया और जांच दल से साक्ष्य संकलन की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और ग्रामीणों से घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी लेकर निर्देश दिया कि जांच में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए। एसपी योगेन्द्र कुमार ने कहा कि दोनों घटनाओं को फिलहाल संदिग्ध मृत्यु के बजाय हत्या मानकर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि “दोनों युवक एक-दूसरे के दोस्त थे और उनके बीच किसी विवाद की बात सामने आई है। मृतकों में से एक के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जबकि दूसरा युवक पेड़ से लटका मिला है। पहली नजर में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस इस संभावना को खारिज नहीं कर रही कि दोनों हत्याएं भी हो सकती हैं।” उन्होंने बताया कि घटना स्थल से फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने अनेक नमूने एकत्र किए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट होगी। पुलिस अधीक्षक ने दावा किया कि सात दिनों के भीतर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने की प्रक्रिया लगातार जारी है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। घटनास्थलों का निरीक्षण करने के बाद एसपी ने बासोपट्टी थाना परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में लंबित मामलों की स्थिति और अभिलेख व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने थानाध्यक्ष को स्पष्ट निर्देश दिया कि पुराने मामलों का शीघ्र निष्पादन प्राथमिकता से किया जाए ताकि आम जनता का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।एसपी ने रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस बल की सक्रिय उपस्थिति हर स्तर पर दिखनी चाहिए। कानून- व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के पश्चात पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने बभनदेई पोखर पहुंचकर क्षेत्र की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी भरे स्वर में निर्देश दिया कि इलाके में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।पुलिस अधीक्षक के इस आकस्मिक दौरे को स्थानीय लोगों ने सकारात्मक कदम बताया है। ग्रामीणों ने कहा कि जिले के शीर्ष पुलिस अधिकारी के द्वारा घटनास्थल पर पहुंचना यह दर्शाता है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। लोगों का मानना है कि पुलिस की सक्रियता से दो युवकों की रहस्यमय मौत की सच्चाई जल्द सामने आएगी और दोषियों को सख्त सजा मिलेगी। फिलहाल दोनों मामलों में जांच जारी है। पुलिस को फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट मिलने के बाद घटनाओं की वास्तविक वजह स्पष्ट हो जाएगी। पूरे क्षेत्र में फिलहाल भय और अफवाह का माहौल है, जबकि पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है।




