:- रवि शंकर अमित!
आज दिनांक 03 दिसंबर 2025 को जिला स्तरीय NCORD (नारकोटिक्स समन्वय) की त्रैमासिक बैठक जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री तुषार सिंगला की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक बेगूसराय श्री मनीष, सिविल सर्जन बेगूसराय, वरीय उप समाहर्ता सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में वर्ष 2025 में मादक पदार्थों की रोकथाम एवं कार्रवाई का विस्तृत समीक्षा किया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित और प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
साथ ही अंतर्राज्यीय मामलों को समय पर राज्य मुख्यालय एवं NCB को अवगत कराने तथा उनसे समुचित सहयोग प्राप्त करने पर बल दिया गया।
जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। आमजनों से अवैध मादक पदार्थों से संबंधित सूचना प्राप्त करने हेतु टोल फ्री नंबर के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य संबंधी पहल के अंतर्गत, सदर अस्पताल, बेगूसराय में नशा विमुक्ति केंद्र को पुनः वित्तपोषित करने का प्रस्ताव विभाग को भेजने हेतु सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त जिले के सभी पाँच अनुमंडलों के लिए ड्रग्स पहचान उपकरण आर्थिक अपराध इकाई से उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारम्भ करने का भी निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने मादक पदार्थ मामलों में संलिप्त अपराधियों का विस्तृत डाटाबेस तैयार करने हेतु सभी आरोपितों की दागी पंजी अद्यतन करने तथा CCTNS में कांडों की प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, जिसमें IB से आवश्यक सहयोग प्राप्त किया जाएगा।
अंत में, जिला पदाधिकारी ने मादक पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण, व्यापक जनजागरूकता एवं लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ करने का निर्देश दिया।




