रिपोर्टर शुभम सिन्हा
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल दिनों-दिन रोचक होता जा रहा है। जन सुराज की उम्मीदवार पद्मा ओझा इन दिनों प्रशांत किशोर के विजन को लेकर डोर-टू-डोर संपर्क अभियान में जुटी हुई हैं। पद्मा ओझा का कहना है कि यह क्षेत्र लंबे समय से दो परिवारों के बीच राजनीतिक संघर्ष का केंद्र रहा है, लेकिन अब जनता के पास तीसरा विकल्प जन सुराज के रूप में मौजूद है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सत्ता में बैठे लोगों ने अब तक कोई भी विकास कार्य पूरा नहीं किया है।
पद्मा ओझा ने कहा कि प्रशांत किशोर का विजन स्पष्ट है दिवाली और छठ पर बाहर से लौटने वाले लोग फिर दोबारा न जाएं। इसी सोच को साकार करने के लिए जन सुराज निरंतर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी के कई नाराज कार्यकर्ता अब वापस जन सुराज से जुड़ चुके हैं, जबकि बाकी लोग भी अपने हित और क्षेत्र के विकास को देखते हुए जुड़ेंगे।
वहीं जन सुराज के नेता अशोक मानव ने कहा कि जनता को इस बार जाति या परिवार नहीं, बल्कि बच्चों की बेहतर शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के मुद्दे पर वोट देना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता इस बार बदलाव का मन बना चुकी है और शाहपुर में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी।