शंखनाद के लिए पंकज ठाकुर के साथ अश्विनी श्रीवास्तव की रिपोर्ट :

बांका : प्रखंड में मतदान को लेकर दिव्यांग से लेकर बुजुर्ग भी सक्रिय दिखे। रजौन पंचायत के बरौनी गांव स्थित बूथ संख्या 157 पर बरौनी गांव के दिव्यांग बलराम दास एवं उनकी दिव्यांग पत्नी गीता देवी एक साथ एक ही व्हीलचेयर पर बैठकर मतदान केंद्र पर मतदान करने पहुंची तो अनायास मतदान कर्मियों सहित सभी मतदाताओं की नजर उन पर टिक गई। अपने मताधिकार के प्रति विकलांग दंपति के उत्साह व जज्बे को देखकर गांव के युवाओं व अन्य वृद्धों की टोली भी मतदान के लिए अपने अपने घरों से बाहर निकलने लगा। पति-पत्नी दोनों पैरों से विकलांग है। व्हीलचेयर से उतर कर दोनों अपने दोनों हाथों के सहारे मतदान स्थल तक जब पहुंचे, तब अन्य मतदाता भी उनकी मदद के लिए आगे आ गए, और उन्होंने आराम से मतदान किया। दिव्यांग दंपति एक साथ व्हील चेयर पर सवार होकर रजौन से करीब 3 किलोमीटर दूर अपने गांव बरौनी मतदान करने पहुंचे थे। पूछने पर दोनों विकलांग दंपत्ति ने बताया कि हम अपने वैसे जनप्रतिनिधि को मतदान करने आए हैं, जो जीतने के बाद मेरा भला करेगा। इधर राजावर पंचायत के बूथ संख्या 49 पर स्वर्गीय गंगा प्रसाद यादव की करीब एक सौ वर्षीय धर्मपत्नी गेना देवी मतदान करने पहुंची थी। ऐसे वृक्ष महिला व पुरुष के साथ दिव्यांग व्यक्ति लोगों के लिए प्रेरणा के स्रोत बने रहे। पूछने पर वृद्ध महिला ने बताया कि पता नहीं अगला चुनावी उत्सव मैं जिंदा रहूं या ना रहूं, लेकिन इस बार तो कम से कम अपने मताधिकार का प्रयोग कर तो लिया। मतदान के प्रति ऐसे वृद्ध व दिव्यांग लोगों के जज्बे व जुनून के आगे युवाओं के उत्साह भी फीके पड़ जा रहे थे।




