बगहा से शकील अहमद

अपराध पर अंकुश लगाने में विफल एसपी बगहा को वापस बुलाए सरकार :- माले विधायक
बगहा नगर के मारवाड़ी टोला में युवा व्यवसाई के गोली मारने की घटना अब तुल पकड़ती जा रही हैं । जहां चेंबर ऑफ कॉमर्स बगहा ने पुलिस अधीक्षक किरण कुमार गोरख जाधव से मिलकर अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है । वहीं नगर परिषद सभापति से नगर में लाइट की व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है । वहीं दूसरी तरफ सिकटा के माले विधायक वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने बगहा पुलिसिंग पर सवाल खड़ा करने के साथ ही बगहा पुलिस अधीक्षक को सरकार से तत्काल वापस बुलाने की मांग करते हुए उनके जगह पर नए पुलिस अधीक्षक की तैनाती करने की मांग की है । बगहा के युवा व्यवसाई अंकित अग्रवाल को मंगलवार की शाम 7:00 बजे उनके घर के समीप ही अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया था । जिसको लेकर नगर के व्यवसायियों में खासा रोष व्याप्त है । बगहा चेंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वाधान में व्यवसायियों ने बुधवार को बगहा के एसपी किरण कुमार गोरख जाधव से मुलाकात कर अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है । व्यवसायियों ने कहा है कि अगर बुधवार की शाम तक पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार नहीं करती है तो व्यवसायी 7 अक्टूबर को बगहा में बंदी का ऐलान किए हैं । वह सिकटा के माले विधायक वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए बगहा पुलिस पर सवाल खड़ा किया है । विधायक ने कहा है कि व्यवसाई के परिजनों को पूर्व में ही अपराधियों द्वारा धमकी दी जा रही थी । अगर समय से पुलिस द्वारा अपराधियों पर कार्रवाई की गई होती तो कल व्यवसाई के ऊपर गोली नहीं चलती । उन्होंने कहा कि बगहा में फिर अपराधियों का राज कायम होना शुरू हो गया है । जिसको लेकर वे विधानसभा में इस मामले को उठाएंगे । साथ ही उन्होंने बिहार सरकार से बगहा के पुलिस अधीक्षक किरण कुमार गोरख यादव को तत्काल वापस बुलाने की मांग करते हुए बगहा में नए एसपी की प्रतिनियुक्ति की मांग की है । ताकि अपराध पर रोक लगाई जा सके ।




