असम के तिनसुकिया से पहुंचे श्रद्धालुओं की टोली ने कांवरिया पथ पर बिखेरा उत्साह!

SHARE:

रिपोर्ट- निभाष मोदी

असम के तिनसुकिया से पहुंचे श्रद्धालुओं की टोली ने कांवरिया पथ पर बिखेरा उत्साह, नवशक्तियों की मौजूदगी बनी आकर्षण का केंद्र

भागलपुर,सावन मास के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं का सैलाब अजगैबीनाथ धाम, सुल्तानगंज में उमड़ पड़ा है। देश के कोने-कोने से श्रद्धालु उत्तरवाहिनी गंगा में पवित्र स्नान कर जल भरते हुए देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर की ओर कांवड़ यात्रा पर निकल पड़े हैं। इस बार की यात्रा में खास आकर्षण रही असम के तिनसुकिया जिले से आई 51 श्रद्धालुओं की टोली, जिसमें 9 महिलाएं भी शामिल रहीं जिन्हें ‘नवशक्ति’ का नाम दिया गया है।

यह विशेष दल अपने नृत्य, भक्ति गीतों और उल्लासपूर्ण माहौल के कारण कांवरिया पथ पर सबका ध्यान आकर्षित कर रहा है। श्रद्धालु नाचते-गाते, हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं है बल्कि इस ग्रुप में कई श्रद्धालु ऐसे भी हैं जो पिछले 35 से 40 वर्षों से लगातार सावन में बाबा बैद्यनाथ के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं।

श्रद्धालुओं ने बताया कि तिनसुकिया को मिनी बिहार कहा जाता है, जहां बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के लोग वर्षों से मिलजुल कर रहते हैं। वहां की संस्कृति और भाषा में भी बिहार की झलक मिलती है। इस कारण बाबा बैद्यनाथ के प्रति श्रद्धा वहां के लोगों में विशेष रूप से देखी जाती है।

ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि इस बार उनकी यात्रा और भी खास है क्योंकि महिलाओं की संख्या पहले से अधिक है। महिलाएं भी कंधे पर कांवड़ उठाकर पुरुषों के साथ पूरी श्रद्धा और जोश के साथ पैदल यात्रा कर रही हैं। यह बदलाव समाज में बढ़ती जागरूकता और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

कांवरिया पथ पर इनके गीत-संगीत और भक्ति रस में डूबे अंदाज को देखकर अन्य श्रद्धालु भी झूमने पर मजबूर हो जाते हैं। पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविर, मेडिकल कैंप और जलपान की व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि किसी को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अजगैबीनाथ धाम से शुरू हुई यह आस्था की यात्रा ना केवल धार्मिक महत्व रखती है बल्कि सामाजिक सौहार्द और एकता की मिसाल भी पेश करती है। बाबा भोलेनाथ के प्रति अगाध श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत ये श्रद्धालु पूरे मार्ग में लोगों को भी भक्ति से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

Join us on:

Leave a Comment