रिपोर्ट- अमित कुमार!
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने गांधी मैदान की रैली पर कसा तंज, प्रधानमंत्री के मन की बात को बताया प्रेरणादायक
पटना, 29 जून 2025:
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, प्रदेश महामंत्री और अन्य नेताओं ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज योग, रोजगार, पर्यटन और कुटीर उद्योग जैसे विषयों पर देश के युवाओं को प्रेरित करने वाला संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि मन की बात आज जन-जन की आवाज बन गई है और देश के विकास की दिशा तय कर रही है।
वक्फ संशोधन बिल के विरोध में गांधी मैदान में हुई रैली पर भाजपा अध्यक्ष का तंज:
डॉ. दिलीप जायसवाल ने गांधी मैदान में वक्फ बोर्ड संशोधन बिल के खिलाफ जुटी भीड़ पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा—
“इलेक्शन आया है, इसलिए ये सब बरसाती मेंढक तड़प-तड़प कर बाहर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री और हम लोग अपना काम कर रहे हैं और करते रहेंगे, क्योंकि हमारा लक्ष्य विकास है, न कि झूठी राजनीति।”
उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने अल्पसंख्यकों सहित समाज के हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं और इन्हीं योजनाओं के दम पर विपक्ष की साजिशें बेनकाब होंगी।
आपातकाल पर भी किया तीखा प्रहार:
मन की बात कार्यक्रम के संदर्भ में डॉ. दिलीप जायसवाल ने आपातकाल की बरसी का जिक्र करते हुए कहा—
“जब आपातकाल को याद करता हूं, तो आज भी रोम-रोम खड़े हो जाते हैं। देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कुचलने का जो प्रयास कांग्रेस ने किया, उसे जनता कभी माफ नहीं करेगी।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की बात की है, इसलिए जनता का अपार समर्थन भाजपा के साथ है।
कार्यक्रम में मौजूद नेता:
इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिला मोर्चा के सदस्य भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रधानमंत्री के विचारों के प्रति समर्थन व्यक्त किया।