प्रशान्त कुमार की रिपोर्ट

बेगुसराय में रिकार्ड तोड़ गंगा नदी की बाढ़ से तबाह और बर्बाद हो चुके किसानों मजदूरों के घर में खाने को दाना नहीं, पशुपालक किसान पशु चारा के लिए दर दर की ठोकरें खाते फिर रहे हैं, रबी फसल की बोआई के खाद बीज के आदि के लिए कोई कर्ज़ देने वाला भी नहीं है । इस आपदा काल में एस बी आई रामदीरी शाखा द्वारा लगभग एक हजार किसानों के के सी सी और बचत खातों पर होल्ड लगाकर ऋण वसूली करने की साज़िश अमानवीय अपराध है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा । उक्त बातें एस बी आई रामदीरी शाखा के समक्ष आयोजित आक्रोशपूर्ण किसान प्रतिरोध मार्च को सम्बोधित करते हुए सीटू राज्य सचिव अंजनी कुमार सिंह ने कहा । किसान प्रतिरोध मार्च द्वारा आयोजित किसान अदालत में उपस्थित शाखा प्रबन्धक एवं उनके साथ आर बी ओ द्वारा भेजे गए बैंक प्रतिनिधि राजीव कुमार सिंह के समक्ष किसानों की मांगों को पेश करते हुए किसान मजदूर नेता अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सर्वप्रथम बाढ़ पीड़ित परिवारों के रिलीफ की छह हजार रुपए की राशि को बिना शर्त अविलंब होल्ड फ्री करके उसका भुगतान सुनिश्चित किया जाए और के सी सी ऋण धारक किसानों के के क्रेडिट की सीमा बढ़ाकर डिफाल्टर बने खाते को अद्यतन किया जाए अन्यथा यह आन्दोलन बैंक तालाबंदी में तब्दील हो जाएगा । आर बी ओ से मार्गदर्शन लेकर किसानों की मांगों को दो से तीन दिन में पूरा करने के आश्वासन पर किसान अदालत की सुनवाई की कार्रवाई को स्थगित करने की घोषणा करते हुए किसान अदालत की अध्यक्षता कर रहे पूर्व प्राध्यापक एवं किसान नेता जनार्दन सिंह ने कहा कि संघर्षशील किसान मजदूर नेता अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में किसानों ने जो जीत हासिल किया उसको आगे बढ़ाने के लिए किसान संगठन को मजबूत करना होगा।
इस किसान प्रतिरोध मार्च का नेतृत्व रामदीरी किसानों का बेटा कांग्रेस नेता कुमार रत्नेश टुल्लू,मनोहर सिंह, देवेंद्र सिंह,देवी प्रसाद सिंह,अजय कुमार सिंह, भगवान प्रसाद सिंह, गोपाल सिंह, पूर्व उपमुखिया संदीप कुमार सिंह,राघव कुमार,भजन सिंह,मकोरी सिंह,राधे सिंह,पवन कुमार सिंह, व्यास सिंह, आदि ने किया। इस किसान प्रतिरोध मार्च में सैकड़ों किसानों ने हिस्सा लिया ।




