रिपोर्ट- शशिकांत मिश्रा!
लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र के मोहदीनगर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में दो सहोदर भाइयों की मौत हो गई। एक बालू लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दोनों भाइयों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोहदीनगर निवासी दरोगी महतो के पुत्र 60 वर्षीय सरयुग महतो और उनके 55 वर्षीय छोटे भाई के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की शुरुआत मोहदीनगर चौक के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक टोटो को टक्कर मारी। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को घेरकर गांव तक लाया। बताया गया कि चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था और तेज गति से ट्रैक्टर चला रहा था। उसी दौरान हनुमान मंदिर के पास दोनों भाई उसे रोकने की कोशिश कर रहे थे, तभी वे उसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद घायल भाइयों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हलसी लाया गया, जहां से उन्हें सदर अस्पताल लखीसराय रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने ट्रैक्टर चालक की पिटाई की और मुख्य मार्ग जाम कर दिया। पथराव में थाना अध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति तनावपूर्ण है, पुलिस ने हालात पर काबू पाया है।




