:- रवि शंकर अमित/गोविंद कुमार!
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को 11 बजे अपने ड्रीम प्रोजेक्ट गंगा रिवर फ्रंट का औचक निरीक्षण करने गृह क्षेत्र बख्तियारपुर पहुंचे। उनके साथ जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। वे करीब आधे घंटे तक अधिकारियों के साथ गंगा रिवर फ्रंट का निरीक्षण करते रहे। यह प्रोजेक्ट उनके बचपन की यादों से जुड़ा होने के कारण उनके दिल के बहुत करीब है। इस दौरान वे बराबर अधिकारियों को निर्देश भी देते रहे। उन्होंने अधिकारियों को गंगा रिवर फ्रंट प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने सबसे पहले घनसुरपुर जाकर गंगा चैनल का निरीक्षण किया। जिसके बाद वह बख्तियारपुर के सीढ़ी घाट पहुंचे, जहां उन्होने बनाए जा रहे पथ-वे का निरीक्षण किया। जिसके बाद उन्होंने सीढ़ी घाट के पास कृष्णा मंदिर जाकर पूजा अर्चना की। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी शीलभद्र याजी पार्क जाकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद वे अधिकारियों के साथ पटना के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट गंगा रीवर फ्रंट को लेकर दो बार चैनल बदलना पड़ा है। तीसरी बार घनसुरपुर से गंगा को बख्तियारपुर के नजदीक लाने के लिए चैनल बनाया जा रहा है। वहीं बख्तियारपुर के समीप 330 मीटर की लंबाई में सीढ़ी निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। तथा पाथ-वे का निर्माण कराया जाना है। शौचालय निर्माण, चेजिंग रूम निर्माण, लैड स्केपिंग एवं प्रकाशीय व्यवस्था का कार्य कराया जाना है।