भागलपुर से धीरज शर्मा की रिपोर्ट

नवगछिया – इस्माइलपुर -बिंद टोली तटबंध पर वीरनगर के पास दूसरे दिन भी धसान होने से ग्रामीणों में दहशत फैल गया। जल संसाधन विभाग द्वारा आधे दर्जन से अधिक ठेकेदारों द्वारा रीस्टोरेशन का कार्य रविवार की सुबह से ही करवाया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार की देर रात तक डाली गयी बालू की बोरियाँ गंगा नदी में समा गई। बताते चलें कि रविवार को सुबह तीस-चालीस मीटर अचानक वीरनगर के निकट तटबंध पर धसान हो गया था। धसान पर नियंत्रण हेतु तटबंध को थोडा पीछे कर रीस्टोरेशन का कार्य करवाया जा रहा है. हालाँकि गंगा नदी के जलस्तर में लगातार कमी होने के कारण राहत महसूस किया जा रहा है। विधि व्यवस्था हेतु गोपालपुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार के नेतृत्त्व में लगातार पुलिस के सशस्त्र जवान मुस्तैद दिखे। नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी यतीन्द्र कुमार पाल ने कराये जा रहे रीस्टोरेशन कार्य की निरीक्षण किया। ग्रामीणों द्वारा दोपहर में रीस्टोरेशन का कार्य बंद किये जाने की सूचना पर भाजपा नेता नितेन्द्र सिंह उर्फ़ गुलाबी सिंह ने गहरी नाराजगी व्यक्त कर हर हाल में रीस्टोरेशन कार्य करवा कर पूरे क्षेत्र को कटाव से सुरक्षित रखने की माँग की। मौके पर मौजूद मुख्य अभियंता ई राजेन्द्र मेहता ने बताया कि लगातार रीस्टोरेशन का कार्य करवाया जा रहा है। हो सकता है दोपहर में भोजन हेतु कुछ देर के लिये मजदूरों ने काम बंद कर दिया हो। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। जल्द ही रीस्टोरेशन का कार्य पूरा करा लिया जायेगा। एसडीएम यतीन्द्र कुमार पाल ने मजदूरों की संख्या बढा कर जल्द रीस्टोरेशन करवाने को कहा।




