रिपोर्ट- बिकास कुमार!
बिहार में कन्हैया कुमार के भाषण स्थल को लेकर विवाद, सहरसा के बनगांव में युवकों ने दुर्गा मंदिर प्रांगण को गंगाजल से धोया
सहरसा :- बिहार के सहरसा जिले में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार के भाषण स्थल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पलायन रोको पदयात्रा के दौरान कन्हैया कुमार मंगलवार की देर रात बनगांव पहुंचे थे। उन्होंने बनगांव स्थित दुर्गा मंदिर के प्रांगण में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया था।
बुधवार को स्थानीय युवकों ने भाषण स्थल को गंगाजल से धोने की कार्रवाई की। नगर पंचायत बनगांव के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अमित चौधरी के नेतृत्व में विष्णु, माखन, आनंद, सुरज, सरोज और बादल ने यह कदम उठाया। युवकों का कहना था कि कन्हैया कुमार पर पहले देशद्रोह का आरोप लग चुका है और उनके विवादित बयान सभी को याद हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार की देर रात बनगांव के भगवती स्थान पर स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कन्हैया कुमार का पारंपरिक पाग, चादर और माला पहनाकर स्वागत किया था। अगले ही दिन युवकों द्वारा की गई इस कार्रवाई ने क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा दिया है।




