बेगूसराय- आइये बिहार को विकसित बनाने में हम सब मिलकर अपनी भागीदारी निभाएं: डॉ. दिलीप जायसवाल!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

:- रवि शंकर अमित!

बेगूसराय में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में घटक दलों के अध्यक्षों ने कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह, एक स्वर में कहा – बिहार का विकास प्राथमिकता

बिहार चहुंमुखी विकास की उड़ान भरेगा: डॉ. दिलीप जायसवाल

एनडीए सरकार में बिहार नए अभ्युदय की कहानी लिखेगा: डॉ. जायसवाल

बिहार को विकसित बनाने में हम सब मिलकर अपनी भागीदारी निभाएं: डॉ. दिलीप जायसवाल

बिहार के विकास, महिलाओं के सशक्तिकरण और किसानों की समृद्धि के लिए एनडीए जरूरी: डॉ. दिलीप जायसवाल

भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने दिया भरोसा, ‘एनडीए ही वह ताकत है जो बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है’

कार्यकर्ताओं की एकता से एनडीए की बढ़ी ताकत: डॉ. जायसवाल

आमजनों के कल्याण और हित को सर्वोपरि रखकर एनडीए करती है काम: उमेश सिंह कुशवाहा

एनडीए कार्यकर्ताओं की एकजुटता ने संकल्प को आसान बनाया : राजू तिवारी

बिहार में 225 से ज्यादा सीटें लाकर एनडीए बनाएगी सरकार: अनिल सिंह

प्रदेश में अब अपराधियों को मिलती है सजा: मदन चौधरी

पटना, 15 फरवरी। एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के चौथे चरण के पहले दिन आज बेगूसराय में भी कार्यकर्ताओं का जुटान हुआ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल सहित एनडीए घटक दलों के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने यहां आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि एनडीए की प्राथमिकता बिहार का विकास है। सभी ने अगले विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत का भी दावा किया।

बेगूसराय के कर्पूरी उच्च विद्यालय, धमौली में आयोजित विराट एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत से जुट जाने का आह्वान किया।

सम्मेलन में आए एनडीए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि जन आकांक्षाओं के अनुरूप काम करना हमारी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में एनडीए सरकार ने बिहार को विकास की पटरी पर लाकर दिखा दिया है। उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार में केंद्र से मिल रही मदद से बिहार चहुंमुखी विकास की उड़ान भरेगा।

उन्होंने हाल ही में केंद्रीय बजट में बिहार को मिली सौगातों का जिक्र करते हुए कहा कि एनडीए सरकार में बिहार नए अभ्युदय की कहानी लिखेगा। आज बिहार को विकसित करना केंद्र सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि बिहार के विकास, किसानों की समृद्धि और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। जरूरत है कि हम भी बिहार को विकसित बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि एनडीए ही वह ताकत है जो बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। राजद की सरकार को बिहार के लोग 15 साल देख चुके हैं जब बिहार को एक बीमारू राज्य के रूप में रेखांकित किया जाता था, आज वही बिहार की योजनाओं को अन्य राज्य अपना रहे हैं।

संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं की उमड़ी भीड़ को ऐतिहासिक बताते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकता से एनडीए की ताकत और हौसला दोनों बढ़ा है। अब कोई ऐसी शक्ति नहीं है जो आगामी चुनाव में एनडीए को इतिहास बनाने से रोक सकती है।

कार्यकर्ताओं की उपस्थिति से उत्साहित जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए आमजनों के कल्याण और हित को सर्वोपरि रखकर ही काम करती है। भरोसा देते हुए उन्होंने कहा कि आगे भी आमजनों के कल्याण और हित को सर्वोपरि रखकर ही कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार में बिहार को आर्थिक और सामाजिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत की आज वैश्विक स्तर पर एक अलग पहचान बनी है और दूसरी ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकसित बनने के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि इस मैदान में जुटे कार्यकर्ताओं की एकजुटता और संकल्प साफ है। अर्जुन की तरह इन्हें मछली की आंख की तरह सिर्फ विधानसभा चुनाव की 225 सीटों का लक्ष्य दिखाई दे रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ फिर से एनडीए की सरकार बनानी है।

हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि बिहार में 225 से ज्यादा सीटें लाकर एनडीए सरकार बनाएगी। बिहार की जनता ने तय कर लिया है कि यहां के लोगों को अब राजद का शासनकाल नहीं चाहिए। अब लोग कभी भी उस जंगलराज को नहीं चाहते। आज यहां के लोग लालटेन को भूलकर बिजली का आनंद ले रहे हैं।

रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने भी एनडीए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि एनडीए की सरकार है तो हर कार्य मुमकिन है। उन्होंने कहा कि आज अगर प्रदेश में कहीं आपराधिक घटनाएं घटती हैं तो अपराधियों पर कार्रवाई की जाती है। फरार अपराधियों की संपत्तियों की कुर्की जब्ती की जा रही है। आज सरकार न्याय के साथ विकास की बात करती है।

Leave a Comment

और पढ़ें