रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!
48 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के कार्यक्षेत्र अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा चौकी डिगयाटोल के जिम्मेवारी के इलाके में सशस्त्र सीमा बल के जवानों को एक बड़ी कामयाबी मिली है ।
हरेन्द्र सिंह, कार्यवाहक कमांडेंट 48 वीं वाहिनी के कुशल नेतृत्व में सीमा चौकी डिगयाटोल के जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर भारत-नेपाल सीमा स्तम्भ संख्या 288 से लगभग 200 मीटर दूर भारतीय क्षेत्र में नाका लगाया हुआ था। रात्रि 8: 30 बजे कुछ लोग नेपाल से नदी के रास्ते बार्डर पार कर सिर पर कुछ सामान लेकर भारतीय क्षेत्र की और आ रहे थे । एसएसबी के जवानों ने उन्हें रुकने को कहा तो वें सामान को जमीन पर पटक कर भागने लगे। एसएसबी जवानों द्वारा उनका पीछा किया गया लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वे सभी लोग नेपाल भाग गए। उसके बाद सामान खोलकर देखा गया तो उसमें नेपाल निर्मित देशी शराब की 660 बोतल (300 एम एल) पायी गयी। जिसे जब्त कर लिया गया।
जब्त की गयी शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए हरलाखी थाना के सुपुर्द कर दिया गया है । भारत नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए सशस्त्र सीमा बल लगातार अभियान चला रही है। आने वाले समय में भी इसी प्रकार के अभियान चलाकर सीमा पर होने वाली अवैध गतिविधियों को रोका जाएगा।
हरेन्द्र सिंह, कार्यवाहक कमांडेंट 48 वीं वाहिनी जयनगर ने बताया कि भारत नेपाल सीमा पर होने वाली तस्करी और अन्य अपराधों की रोकथाम के लिये विशेष अभियान के माध्यम से निरन्तर प्रयासरत है और अवैध गतिविधियों को रोका जा रहा है। भारत-नेपाल सीमा पर 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल जयनगर के द्वारा सतर्कता बढ़ा दी गई है। ताकि इस प्रकार की गतिविधियों पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया जा सके।




