संतोष कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

लखीसराय। जिले में धान रोपनी के बाद खेतों में उर्वरक का छिड़काव करने के लिए किसानों को यूरिया और डीएपी खाद नहीं मिल रही है। हाल यह है कि बाजारों से भी यूरिया गायब हो गई है। बिस्कोमान के माध्यम से इफको खाद का वितरण गोदाम खाली हो गया है। किसान परेशान हैं। लखीसराय बाजार समिति स्थित बिस्कोमान केंद्र पर उर्वरक खरीदने के लिए किसानों की भीड़ लगी रही। दोपहर बाद गोदाम खाली हो गया। लेट से आए किसानों को खाली हाथ लौट जाना पड़ा।
बिस्कोमान केंद्र पर इफको सरकारी दर पर किसानों को उर्वरक उपलब्ध करा रहा है। गुरुवार को जागरण टीम ने जब इस केंद्र की पड़ताल की तो पाया कि खाद लेने के लिए जितनी संख्या में किसान मौजूद थे गोदाम में उन सभी के लिए खाद उपलब्ध नहीं था। रामगढ़ चौक एवं चानन प्रखंड क्षेत्र से खाद लेने आए किसानों ने बताया कि कई दिनों से यूरिया नहीं मिल रही है। वे लोग रोज बिस्कोमान का चक्कर काट रहे हैं। कुछ बोरी डीएपी का मिली है। वह भी अब खत्म हो गई है।
गोदाम मैनेजर रंजय कुमार से मिली जानकारी के अनुसार 23 जुलाई को 3,500 बोरी यूरिया खाद प्राप्त हुई थी जो 23 अगस्त को समाप्त हो गई। इसके बाद यूरिया उपलब्ध नहीं कराई गई। किसान लौट रहे हैं। 5,000 बोरी डीएपी का डिमांड की गई तो 24 अगस्त को मात्र 300 बोरी ही मिली। वह भी गुरुवार को समाप्त हो गई। किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खाद नहीं मिल पा रही है। गोदाम में कुछ मिक्चर खाद उपलब्ध थी जिसकी खपत काफी कम है। यूरिया और डीएपी उपलब्ध होने के बाद किसानों को दी जाएगी।