रिपोर्ट- अमित कुमार!
“पटना के गांधी मैदान में आज से शुरू हुए राज्य स्तरीय कृषि यांत्रिकरण मेला, एग्रो बिहार-2024, का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इस दौरान सीएम ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और कहा कि बिहार में जो भी बदलाव हुआ है, वह उनके कार्यकाल में हुआ है। मेले में सहकारिता विभाग समेत विभिन्न विभागों ने किसानों को जागरूक करने के लिए स्टॉल लगाए हैं।”
पटना के गांधी मैदान में एग्रो बिहार-2024 का भव्य शुभारंभ हुआ। यह राज्य स्तरीय कृषि यांत्रिकरण मेला 29 नवंबर से 2 दिसंबर 2024 तक चलेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मेले का उद्घाटन किया और किसानों के लिए राज्य सरकार द्वारा की जा रही योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर सीएम ने विपक्ष पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा, “पहले बिहार में कुछ नहीं था। हमने ही मेले लगाने की परंपरा शुरू की और किसानों के लिए काम किया। आज जो कुछ भी हो रहा है, वह सब हमारा किया हुआ है। पहले की सरकारों ने कुछ नहीं किया।”
एग्रो बिहार-2024 में सहकारिता विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना, फसल सहायता योजना, और पैक्स कम्प्यूटरीकरण की जानकारी दी जा रही है। मेले में ड्रोन तकनीक से कीटनाशक छिड़काव की भी प्रस्तुति हुई। राज्य के सभी जिलों से पैक्स प्रबंधकों और अध्यक्षों को इसमें भाग लेने के लिए बुलाया गया है।
इस दौरान कृषि मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि “राज्य और केंद्र सरकार किसानों के लिए 50% छूट पर आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध करा रही है। यह मेला किसानों को नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास है।”
सीएम नीतीश के साथ कृषि मंत्री मंगल पांडे, जदयू नेता संजय झा, और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। गांधी मैदान में जुटे किसानों ने इस मेले को लेकर उत्साह दिखाया।
बाइट: नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार
“जो भी हो रहा है, वह हमारी मेहनत का परिणाम है। पहले की सरकारें केवल नाम भर की थीं। हमने बिहार को बदलने का काम किया है। आप लोग देखिए और याद रखिए।”




