विधायक ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण, जीविका रसोई को गुणवत्तापूर्ण भोजन देने का दिया निर्देश!

SHARE:

नवादा से अनिल शर्मा की रिपोर्ट

नवादा। नवादा विधायक विभा देवी ने आज नवादा सदर अस्पताल के विभिन्न वार्डों समेत जीविका दीदी द्वारा संचालित रसोई का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जीविका रसोई में कई तरह की अनियमितता पाई गई जिसे सुधार करने का निर्देश दिया गया। विधायक ने रसोईघर का निरीक्षण करते समय दाल एवं सब्जी की गुणवत्ता में भारी कमी पाई। ख़ास कर वहां सड़ा हुआ अदरख देखकर नाराजगी व्यक्त किया और रोगियो को गुणवत्ता के साथ-साथ स्वच्छता का ख्याल रखने का निर्देश दिया। वार्डों का निरीक्षण के दौरान रोगियों के परिजनों ने जीविका दीदी द्वारा मिले भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाये। रोटी की क्वालिटी को परिजनों ने बेकार बताया। अन्य वार्डों का गहन निरीक्षण के बाद विधायक ने संबंधित अधिकारीयों से सुधार करने की बात कही। वहां उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को कई हिदायतें दी गई। विधायक ने कहा कि जीविका दीदी के माध्यम से मरीजों के बीच मुफ़्त भोजन दिया जाना प्रशंसनीय है, किन्तु जिस तरह जिलाधिकारी ने इसका उद्घाटन करते हुये स्वंय भोजन किया था उसी प्रकार का भोजन मरीजों को भी उपलब्ध होना चाहिए। वहां आज का मीनू मांगे जाने पर सभी स्टाफ बगलें झाँकने लगे जिससे अनियमितता का संकेत मिलता है। आवश्यक है प्रति दिन का भोजन मीनू सूचना पट पर चिपकाया जाय। मौके पर राजद जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव, वरिष्ठ नेता अनिल सिंह, संजय मारुती, तौकीर शहंशाह, अमित कुमार तथा दिनेश कुमार अकेला सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Join us on:

Leave a Comment