रिपोर्ट- अमित कुमार!
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के पिता प्रणव कुमार पांडेय उर्फ चुन्नू ने आज पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस विशेष समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। प्रणव पांडेय के जदयू में शामिल होने से नवादा और आसपास के क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
पटना के जदयू कार्यालय में आयोजित इस समारोह के दौरान प्रणव पांडेय ने अपनी घर वापसी पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा, “मुझे जदयू परिवार में पुनः शामिल होने का अवसर मिला है, इसके लिए मैं पार्टी का आभारी हूं। मैं पूरी कोशिश करूंगा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘न्याय के साथ विकास’ की नीति को मजबूत बनाऊं और पार्टी के लिए अपना योगदान दूं।”
इस मौके पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने भी प्रणव पांडेय का स्वागत किया और कहा कि उनके शामिल होने से पार्टी को नवादा में एक नई ऊर्जा मिलेगी। संजय झा ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रणव पांडेय की घर वापसी से पार्टी की जमीनी पकड़ और मजबूत होगी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों को और ताकत मिलेगी।
इस समारोह के दौरान पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे और प्रणव पांडेय के शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उनका मानना है कि प्रणव पांडेय के सामाजिक और राजनीतिक अनुभव से जदयू को नए समर्थक मिलेंगे, जिससे पार्टी को राज्य में और मजबूती मिलेगी।




